समाहरणालय सीतामढ़ी

जन–संपर्क प्रशाखा

प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक– 04 अप्रैल 2026

एलपीजी की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें: डीएसओ

जिले में एलपीजी गैस की कथित कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी सुनील कुमार सिन्हा ने स्पष्ट किया कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं तक नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि डीएम रिची पांडेय के निर्देश पर गैस वितरण प्रणाली की लगातार निगरानी की जा रही है। कालाबाजारी, जमाखोरी या किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
आंकड़ों के मुताबिक, जिले में 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता 19,427 है, जबकि प्रतिदिन औसत मांग करीब 13,500 सिलेंडरों की है। इससे स्पष्ट है कि आपूर्ति मांग से अधिक है। वहीं 19 किलो वाले व्यावसायिक सिलेंडरों की संख्या 238 बताई गई है।
जिले में कुल 63 गैस एजेंसियां सक्रिय हैं, जिनमें भारत गैस की 12, हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 16 और इंडियन ऑयल की 35 एजेंसियां शामिल हैं। इन एजेंसियों के माध्यम से गैस की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version