प्रेस विज्ञप्ति

‘उमंग-2026’: SIT सीतामढ़ी का दोहरा धमाका; क्रिकेट में जीता राज्य स्तरीय खिताब, रुद्र कुमार बने रेस के चैंपियन

सीतामढ़ी | 13 फरवरी, 2026
विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय खेल-कूद महोत्सव ‘उमंग-2026’ का समापन पटना के पाटलिपुत्र खेल परिसर में हुआ। इस प्रतियोगिता में सीतामढ़ी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (SIT), सीतामढ़ी के खिलाड़ियों ने क्रिकेट और एथलेटिक्स दोनों स्पर्धाओं में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन किया।

क्रिकेट फाइनल: रोमांचक जीत
क्रिकेट के फाइनल मुकाबले में SIT सीतामढ़ी ने राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, औरंगाबाद को 7 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने उतरी औरंगाबाद की टीम के सामने सीतामढ़ी ने 66 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करते हुए औरंगाबाद की टीम सीतामढ़ी की सधी हुई फील्डिंग और घातक गेंदबाजी के आगे टिक न सकी। SIT के कप्तान आयुष सिंह ने मैच में शानदार नेतृत्व का परिचय दिया और मात्र 2 ओवर में 5 रन देकर 4 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

एथलेटिक्स: रुद्र कुमार की स्वर्णिम दौड़

वहीं एथलेटिक्स के ट्रैक पर भी SIT सीतामढ़ी का दबदबा कायम रहा। संस्थान के छात्र रुद्र कुमार (पंजीयन: 25119127006) ने 400 मीटर स्प्रिंट (पुरूष) श्रेणी में अपनी रफ्तार का लोहा मनवाया। रुद्र ने मात्र 57 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। एक ही संस्थान द्वारा क्रिकेट और एथलेटिक्स दोनों में शीर्ष स्थान प्राप्त करना चर्चा का विषय रहा।

पुरस्कार वितरण
समापन समारोह के मुख्य अतिथि माननीय शिक्षा मंत्री (बिहार सरकार) श्री सुनील कुमार ने विजेता टीम और खिलाड़ियों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान किए। 400 मीटर रेस के विजेता रुद्र कुमार को विभाग की सचिव डॉ. प्रतिमा (I.A.S.) ने सम्मानित किया।

इस अवसर पर मंत्री श्री सुनील कुमार ने कहा कि छात्रों में खेल के प्रति यह अनुशासन और जोश सराहनीय है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। विभाग की सचिव ने भी सफल आयोजन के लिए पूरी टीम और फैकल्टी सदस्यों की प्रशंसा की।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version