उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने गृह ग्राम ढेरा में टेका मत्था; विश्वेश्वरनाथ मंदिर में किया भगवान शिव का जलाभिषेक
अविनाश चतुर्वेदी ✍️
मऊगंज/ढेरा: महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर समूचा प्रदेश शिवमय रहा। इसी कड़ी में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल शनिवार को अपने पैतृक गृह ग्राम ढेरा पहुँचे। यहाँ उन्होंने प्राचीन विश्वेश्वरनाथ मंदिर में देवाधिदेव महादेव की विशेष पूजा-अर्चना की।
सुख-समृद्धि की कामना के साथ किया हवन
उपमुख्यमंत्री ने पूर्ण विधि-विधान के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक और रुद्राभिषेक किया। अभिषेक के उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में आयोजित हवन-पूजन में आहुति दी। इस दौरान श्री शुक्ल ने भगवान भोलेनाथ से प्रदेशवासियों की खुशहाली, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की मंगल कामना की।
अपनों के बीच मनाया पर्व
अपने गृह ग्राम पहुँचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया। पूजा के अवसर पर मनगवां विधायक नरेंद्र प्रजापति सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। प्रशासनिक स्तर पर मऊगंज कलेक्टर संजय कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक दिलीप कुमार सोनी ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और ग्रामवासी उपस्थित रहे, जिससे पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
