~~~~~
मधुबनी,
6 अक्टूबर

आयुष ग्राम कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को मुरलियाचक, बिस्फी में स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में परसौनी एवं नहास पंचायतों के जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष पद्धति, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर लगभग 200 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा चिकित्सकीय परामर्श के उपरांत आवश्यकतानुसार दवाओं का वितरण किया गया। लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित योग सत्र में प्रतिभागियों को प्राणायाम एवं विभिन्न योगाभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने नियमित योगाभ्यास के महत्व की जानकारी देते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के तहत 50 महिलाओं के बीच किचन गार्डन किट का वितरण किया गया। इसके माध्यम से महिलाओं को अपने घर के आसपास पौष्टिक एवं उपयोगी सब्जियों तथा औषधीय पौधों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को औषधीय पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण के निर्माण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने आयुष ग्राम की गतिविधियों की सराहना करते हुए स्वास्थ्य, योग, पोषण तथा पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रयासों को ग्रामीण स्तर तक निरंतर पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ-साथ प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version