आज दिनांक 11.05.2026 को पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी के नेतृत्व में नगर थाना में विशेष समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान थाना में दर्ज कांडों, लंबित वारंटों, कुर्की-जब्ती, मद्यनिषेध अधिनियम से संबंधित मामलों एवं 300 दिनों से अधिक अवधि से लंबित कांडों की समीक्षा की गई।

समीक्षा के क्रम में लंबित कांडों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन, गिरफ्तारी वारंटों एवं कुर्की-जब्ती के शत-प्रतिशत निष्पादन तथा अनुसंधान कार्य में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही, 300 दिनों से अधिक अवधि से लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया गया कि अनुसंधान कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी।

मद्यनिषेध से संबंधित कांडों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु अवैध शराब कारोबारियों एवं तस्करों के विरुद्ध सघन छापामारी अभियान चलाने तथा विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त स्मार्ट पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सभी अनुसंधानकर्ताओं को कांड दैनिकी लेखन में लैपटॉप का उपयोग एवं सरकारी ई-मेल का इस्तेमाल करने हेतु निर्देशित किया गया । इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर -1 एवं पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय-01 एवं 02 की उपस्थिति में नगर थाना एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संबंधित अभिलेखों एवं आँकड़ों का मिलान एवं सत्यापन भी किया गया।

बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर- 1, वरीय पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय-01 एवं पुलिस उपाधीक्षक मु-02 तथा नगर थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी/कर्मी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version