जलस्रोतों की स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी : डीपीओ आनंद अंकित

मधुबनी,
31 अक्टूबर, 2026

जिला गंगा समिति नमामि गंगे अंतर्गत चल रहे विशेष अभियान विशेष अभियान 6.0 के तहत आज नगर निगम, मधुबनी द्वारा महासेठी तालाब में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तालाब में स्थित जलकुंभी एवं अन्य कूड़ा-कचरा को निकालकर साफ-सफाई की गई। साथ ही आगामी छठ पर्व के मद्देनजर छठ घाट की भी साफ-सफाई की गई, ताकि श्रद्धालुओं को पर्व के दौरान स्वच्छ एवं साफ-सुथरा घाट उपलब्ध हो सके।
इस स्वच्छता अभियान में सफाईकर्मियों एवं स्वच्छता साथियों के साथ उपस्थित आम लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने सामूहिक श्रमदान कर तालाब एवं छठ घाट की स्वच्छता में अपना योगदान दिया।
इस अवसर पर डीपीओ नमामि गंगे आनंद अंकित ने कहा कि जलस्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण के साथ-साथ पर्व-त्योहारों के अवसर पर घाटों की साफ-सफाई भी महत्वपूर्ण है। जलस्रोतों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने आम लोगों से स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
वहीं, नगर निगम, मधुबनी के स्वच्छता पदाधिकारी अमिताभ गुंजन ने कहा कि विशेष अभियान 6.0 के तहत शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं जलस्रोतों की साफ-सफाई कराई जा रही है। छठ पर्व को देखते हुए घाटों की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
अभियान में नगर निगम के सफाईकर्मी, स्वच्छता साथी अविनाश चौधरी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version