मधुबनी जिले को मिली बडी सौगात,

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सहित कई गणमान्य अतिथियों एवं अधिकारियों ने नगर भवन से लाइव प्रसारण के माध्यम से समारोह में की सहभागिता
मधुबनी

माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के बिहार भ्रमण के दौरान राज्य को विकास की कई महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात मिली। इस क्रम में मधुबनी जिले में स्वास्थ्य, सिंचाई एवं विद्युत आधारभूत संरचना से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया। वैशाली में आयोजित मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण मधुबनी के नगर भवन में किया गया, जहां जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।

जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत कुल 11 स्वास्थ्य उपकेंद्रों का उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री के कर-कमलों द्वारा किया गया। इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों के निर्माण पर प्रति इकाई 42.84 लाख रुपये की दर से कुल 4.708 करोड़ रुपये की लागत आई है। सरकार द्वारा 3,000 से 5,000 की आबादी पर स्वास्थ्य उपकेंद्र स्थापित कर स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के घर के नजदीक पहुंचाने की पहल की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण एवं अन्य आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।
इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों में हेल्थ एंड वेलनेस हॉल, चिकित्सक कक्ष, नर्स कक्ष, टीकाकरण कक्ष, प्रयोगशाला तथा आवश्यक फर्नीचर की व्यवस्था की गई है। जिले में लक्ष्मीपुर, पंडौल पश्चिमी, कमलपुर, बटलोहिया, शाहपुर, भखरौली, लउफा, बांकी, फेटकी कुट्टी, रामपट्टी एवं बरसाम में इन केंद्रों का निर्माण कराया गया है। इन सुविधाओं के माध्यम से ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा आम नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सिंचाई एवं जल संसाधन के क्षेत्र में भी मधुबनी जिले को महत्वपूर्ण योजनाओं की सौगात मिली है। झंझारपुर शाखा नहर के किलोमीटर 0.000 से 42.06 तक 128.61 करोड़ रुपये की लागत से सेवा पथ के कालीकरण कार्य का उद्घाटन किया गया। वहीं पश्चिमी कोसी मुख्य नहर के किलोमीटर 18.29 से 26.21 तक 100.55 करोड़ रुपये तथा किलोमीटर 26.21 से 36.18 तक 119.31 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्स्थापन एवं आधुनिकीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके अतिरिक्त झंझारपुर शाखा नहर के किलोमीटर 0.00 से 42.06 तक 162.73 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्स्थापन एवं आधुनिकीकरण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं से नहर प्रणाली की क्षमता एवं कार्यक्षमता में सुधार होगा तथा किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
विद्युत आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में भी जिले को लगभग 30.25 करोड़ रुपये की योजनाओं की सौगात मिली। इसके अंतर्गत विद्युत शक्ति उपकेंद्र बिरसैल, 33 केवी के दो विद्युत बे, 33 केवी के 33 कृषि फीडर तथा कवर एलटी लाइन का उद्घाटन किया गया। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने, कृषि कार्यों के लिए निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने तथा विद्युत वितरण प्रणाली को अधिक सुदृढ़ एवं सुरक्षित बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य, सिंचाई एवं विद्युत जैसे बुनियादी क्षेत्रों में आधारभूत संरचनाओं का विस्तार जिले के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, किसानों एवं जरूरतमंद परिवारों तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य उपकेंद्रों के माध्यम से लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, नहरों के पुनर्स्थापन एवं आधुनिकीकरण से सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा विद्युत योजनाओं से घरेलू एवं कृषि क्षेत्र की आवश्यकताओं की पूर्ति में सहूलियत होगी। जिला प्रशासन का प्रयास है कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा इनके संचालन एवं उपयोगिता को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण एवं गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता भी जताई। नगर भवन मधुबनी में आयोजित लाइव प्रसारण कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद के माननीय सदस्य श्री घनश्याम ठाकुर, नगर निगम मधुबनी के मा. महापौर श्री अरुण राय, मा. उप महापौर श्री अमानुल्लाह खान, जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार, अपर समाहर्ता राजस्व श्री मुकेश रंजन, अपर समाहर्ता आपदा श्री संतोष कुमार, अपर समाहर्ता लोक शिकायत श्री राजेश कुमार, नगर आयुक्त श्री उमेश कुमार भारती, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री चंदन कुमार झा, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री राम बाबू, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री प्रशांत शेखर एवं विशेष कार्य पदाधिकारी श्री नितेश पाठक उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version