थाना हाफिजपुर क्षेत्र के एक गांव में स्थित स्कूल में सातवीं कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल के प्रधानाचार्य ने रिजल्ट देने के बहाने छात्रा को अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ अश्लील हरकत करते हुए जबरन कपड़े उतारने का प्रयास किया। छात्रा के शोर मचाने पर मामला खुल गया।

पीड़ित छात्रा के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित प्रधानाचार्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।

छात्रा वार्षिक परीक्षा का परिणाम लेने के लिए स्कूल गई थी

पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने बताया कि उसकी 13 वर्षीय पुत्री गांव में ही स्थित एक स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है। शनिवार सुबह छात्रा वार्षिक परीक्षा का परिणाम लेने के लिए स्कूल गई थी। आरोप है कि इसी दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार शर्मा ने छात्रा को रिजल्ट देने के बहाने अपने कमरे में बुला लिया।

कमरे में बुलाने के बाद आरोपी प्रधानाचार्य ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत करनी शुरू कर दी और जबरन उसके कपड़े उतारने का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध किया, लेकिन आरोपित अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। किसी तरह छात्रा ने शोर मचाया और कमरे से निकलकर स्कूल से बाहर भाग गई।

 स्वजन आक्रोशित हो गए और तुरंत स्कूल पहुंच गए

किसी तरह छात्रा घर पहुंची और उसने पूरी घटना स्वजन को बताई। घटना की जानकारी मिलते ही स्वजन आक्रोशित हो गए और तुरंत स्कूल पहुंच गए। स्वजन ने प्रधानाचार्य की हरकत का विरोध किया। आरोप है कि इस दौरान प्रधानाचार्य ने स्वजन के साथ अभद्रता की। इतना ही नहीं जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अभद्रता की।

घटना के बाद से स्वजन और छात्रा में दहशत व्याप्त है। थाना हाफिजपुर प्रभारी प्रवीन कुमार ने बताया कि पीड़ित छात्रा के पिता की तहरीर पर राजकुमार शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version