*समाहरणालय, मधुबनी*
=================
*जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
====================
*प्रेस विज्ञप्ति*
*दिनांक – 22/05/2026*

*स्वच्छता की ओर नगर पंचायत घोघरडीहा का कदम, बच्चों को बनाया परिवर्तन का दूत*

*बचपन से स्वच्छता की आदत, स्वस्थ समाज की नींव: नौशाद आलम*

जिला गंगा समिति, नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत आज नगर पंचायत, घोघरडीहा द्वारा राजकीय बुनियादी विद्यालय, घोघरडीहा बाजार में छात्र-छात्राओं के बीच स्वच्छता, खुले में शौच की रोकथाम तथा नदियों एवं अन्य जलस्रोतों की स्वच्छता एवं पवित्रता बनाए रखने को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। स्वच्छता साथी रासमोहन झा, लालदेव राम, शकीला खातून, ज्योति कुमारी एवं रामसखी देवी सहित विद्यालय के शिक्षकों ने छात्र-छात्राओं को कचरे के सही निपटान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि सूखा एवं गीला कचरा हमेशा अलग-अलग रखें, जिससे उसका प्रभावी प्रबंधन एवं पुनः उपयोग संभव हो सके।
मौके पर सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी नौशाद आलम ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है। यदि हम अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखते हैं, तो हम कई बीमारियों से बच सकते हैं। विशेष रूप से बच्चों को स्वच्छता की आदत अभी से अपनानी चाहिए, ताकि वे भविष्य में एक स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि नदियों एवं जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है और इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर डीपीओ, नमामि गंगे आनंद अंकित ने कहा कि जिला गंगा समिति द्वारा इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम लगातार जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नमामि गंगे अभियान का उद्देश्य केवल गंगा नदी की स्वच्छता तक सीमित नहीं है, बल्कि सभी जलस्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरूकता पैदा करना भी है। बच्चों के माध्यम से यह संदेश समाज के हर वर्ग तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यदि हम सभी मिलकर छोटे-छोटे प्रयास करें, जैसे कचरे का सही निपटान, प्लास्टिक का कम उपयोग एवं जलस्रोतों को प्रदूषित होने से बचाना, तो निश्चित रूप से एक स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण का निर्माण संभव है।
===================
—————————— ———————————————————————– ..*
=================
*बिहार में शराब का व्यापार एवम सेवन पूर्ण रूप से अवैध है। इससे संबधित जानकारी टॉल फ्री नंबर 15545 या18003456268 एवम जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष* *नंबर पर*06276-222576 *जरूर दे। आपकी पहचान* *गोपनीय रखी जायेगी।*
=============== ===
*।***
==================
*# DPRO,Madhubani*

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version