मिथिला की समृद्ध कला, संस्कृति, साहित्य, ऐतिहासिक एवं पारंपरिक विरासत के संरक्षण, संवर्धन तथा प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले सौराठ महोत्सव–2026 के उपलक्ष्य में जिले के विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संस्थानों में विशेष व्याख्यान श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है।
इस व्याख्यान श्रृंखला के माध्यम से मिथिला की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं कलात्मक विरासत के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विद्वानों एवं विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान प्रस्तुत किए जाएंगे।
इस क्रम में दिनांक 21 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक रीजनल सेकेंडरी स्कूल, मधुबनी में “पर्यटन की दृष्टि से मधुबनी जिला के ऐतिहासिक, प्राचीन एवं धार्मिक स्थलों का महत्व” विषय पर मुख्य वक्ता डॉ. नरेंद्र सिंह निराला द्वारा व्याख्यान दिया जाएगा।
वहीं, दिनांक 23 नवंबर 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 01:00 बजे तक लक्ष्मीवती गुरुकुल, सरिसबपाही, मधुबनी में “पंजी व्यवस्था” विषय पर श्री विनयानंद झा व्याख्यान देंगे। इसी दिन अपराह्न 02:00 बजे से 03:30 बजे तक मिथिला चित्रकला संस्थान, सौराठ, मधुबनी में “मिथिला पेंटिंग का संरक्षण” विषय पर श्री अमल कुमार झा द्वारा व्याख्यान प्रस्तुत किया जाएगा।
इसी श्रृंखला की अगली कड़ी में दिनांक 25 नवंबर 2026 को अपराह्न 04:00 बजे से 05:00 बजे तक सौराठ सभागाछी, रहिका, मधुबनी में “मिथिला में सौराठ की महत्ता” विषय पर श्री विनयानंद झा द्वारा व्याख्यान दिया जाएगा।
इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को मिथिला की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक परंपराओं से परिचित कराना, स्थानीय विरासत के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा इनके संरक्षण एवं संवर्धन के लिए बौद्धिक विमर्श को प्रोत्साहित करना है।
जिला प्रशासन, मधुबनी की ओर से जिले के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों, कला-संस्कृति प्रेमियों एवं आम नागरिकों से उक्त व्याख्यान श्रृंखला में सादर सहभागिता की अपील की जाती है।
