राज्य खाद्य निगम, सीतामढ़ी में सहायक प्रबंधक मो० सलाहुद्दीन पर गबन और क्षति का गंभीर आरोप लगा है। अपर जिला प्रबंधक ने इस मामले में बेलसण्ड थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

जिला पदाधिकारी के आदेश पर अगस्त 2025 में बेलसण्ड टीपीडीएस गोदाम का भौतिक सत्यापन दण्डाधिकारी की निगरानी में वीडियोग्राफी सहित किया गया। जांच में 285 बोरे में 142.12.200 क्विंटल गेहूं और 3889 बोरे में 1882.49.880 क्विंटल चावल पाया गया। रिपोर्ट के बाद गोदाम को सील कर दिया गया।

बाद में खाद्यान्न वितरण की आवश्यकता को देखते हुए गोदाम का प्रभार वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मुन्ना कुमार राउत को सौंपा गया। इस बीच मो० सलाहुद्दीन पर गलत अभ्यावेदन देकर निगम मुख्यालय और जिला प्रशासन को गुमराह करने का आरोप है। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि गोदाम में खाद्यान्न का उचित स्टैकिंग नहीं था, जिसके कारण कई बोरे भीग गए।

निगम मुख्यालय के आदेशों के अनुसार, वर्तमान में सीतामढ़ी जिले के किसी भी टीपीडीएस गोदाम में मो० सलाहुद्दीन की पदस्थापना नहीं है। इसके बावजूद उन्होंने गलत जानकारी देकर प्रशासन को भ्रमित किया। अब इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया तेज हो गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version