सीतामढ़ी में सहयोग शिविर का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण, समयबद्ध शिकायत निस्तारण पर दिया जोर

सीतामढ़ी जिले के परिहार प्रखंड अंतर्गत लहुरिया ग्राम पंचायत स्थित मध्य विद्यालय परिसर में आयोजित सहयोग शिविर का मंगलवार को जिलाधिकारी रिची पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदन एवं शिकायतों का गंभीरता, पारदर्शिता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और प्रभावी समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को तत्काल सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाए तथा उनकी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए समयबद्ध तरीके से निष्पादित किया जाए।

डीएम ने विशेष रूप से राजस्व, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विभिन्न प्रमाण-पत्र, पेयजल, स्वास्थ्य, आवास और अन्य जनसेवा से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

पुलिस अधीक्षक अमित रंजन ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य आम नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसुनवाई से जुड़े मामलों में पुलिस प्रशासन पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करेगा।

शिविर के दौरान लाभार्थियों और ग्रामीणों से संवाद करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी, सरल और सुगम तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने बिचौलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पंचायत स्तर पर कार्यरत सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे प्रत्येक कार्य दिवस अपने-अपने पंचायत सरकार भवन या पंचायत कार्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि स्थानीय स्तर पर लोगों को सरकारी सेवाएं समय पर उपलब्ध हो सकें। बिना उचित कारण अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित कर्मियों और अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर डीएम रिची पाण्डेय और एसपी अमित रंजन ने निक्षय मित्र पहल के तहत उपचाररत टीबी मरीजों के बीच पोषण सहायता के रूप में फूड बास्केट का वितरण भी किया। अधिकारियों ने कहा कि नियमित दवा के साथ संतुलित और पौष्टिक आहार टीबी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही समाज के सक्षम लोगों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों की सहायता के लिए आगे आने की अपील की गई।

सहयोग शिविर में जिला एवं प्रखंड स्तर के विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version