प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक–17 मार्च 2026

सीतामढ़ी शहर में बढ़ती यातायात जाम एवं अतिक्रमण की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी, सीतामढ़ी श्री रिची पांडेय ने स्वयं शहर के प्रमुख स्थलों—मेहसौल चौक, स्टेशन रोड, किरण चौक सहित अन्य व्यस्त इलाकों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट रूप से सामने आया कि सड़क किनारे अतिक्रमण, अनियंत्रित पार्किंग, ठेला एवं फेरीवालों की अव्यवस्थित मौजूदगी, झूलते विद्युत तार, साफ-सफाई की कमी तथा कमजोर यातायात प्रबंधन के कारण शहर में जाम की समस्या समन्वय रही है। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अवैध पोस्टर एवं बैनर को तत्काल हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर पोस्टर लगाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर शहर के मुख्य क्षेत्रों को अतिक्रमणमुक्त करने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त को शहर में विशेष सफाई अभियान चलाने, मुख्य सड़कों एवं नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा ठेला/फेरीवालों एवं अवैध पार्किंग को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। वहीं, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) एवं ट्रैफिक डीएसपी को अनियमित पार्किंग के विरुद्ध सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने को कहा गया।
शहर में झूलते विद्युत तारों की समस्या को गंभीर मानते हुए विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि सर्वेक्षण कर इन्हें शीघ्र व्यवस्थित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
लखनदेई नदी के तट पर हो रहे अतिक्रमण को लेकर भी जिलाधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने एसडीओ सदर एवं नगर आयुक्त को निर्देशित किया कि नदी क्षेत्र का सर्वेक्षण कर अतिक्रमण की सूची तैयार करें और नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करें। अंचलाधिकारी, डुमरा को राजस्व अभिलेख के आधार पर नदी की मूल सीमा का सत्यापन कर अतिक्रमित भूमि की पहचान करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, बाढ़ नियंत्रण एवं जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता को नदी की धारा में अवरोध उत्पन्न करने वाले निर्माण एवं मलबे की पहचान कर तकनीकी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
अतिक्रमण हटाने के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक से पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
इसके अतिरिक्त, प्रतिबंधित गुटखा एवं पान मसाला की बिक्री पर रोक लगाने के लिए एसडीओ सदर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम गठित कर शहर में सघन छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों एवं भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों के आसपास ऐसे उत्पादों की बिक्री कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई होगी।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त, एसडीओ सदर, जिला परिवहन पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी, एसडीपीओ सदर-1, अंचलाधिकारी डुमरा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version