सीतामढ़ी, 8 सितंबर 2026। महंत रघुनाथ दास बालिका उच्च विद्यालय, सीतामढ़ी में मंगलवार को साइबर फ्रॉड की रोकथाम और बच्चों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन की सहयोगी संस्था कर्पूरी ठाकुर ग्रामीण विकास संस्थान की ओर से किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता साइबर डीएसपी अभिनाश कुमार सिंह ने की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्राओं को बाल विवाह, बाल तस्करी (Child Trafficking) और बाल श्रम जैसी गंभीर सामाजिक समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। संस्थान के प्रतिनिधियों ने बताया कि इन कुरीतियों का बच्चों के भविष्य और उनके मौलिक अधिकारों पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। इनके खिलाफ जागरूक रहने, कानून का पालन करने और किसी भी मामले की जानकारी मिलने पर तत्काल आवाज उठाने की अपील की गई।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी भी दी गई। साथ ही बच्चों को Good Touch और Bad Touch के बारे में समझाते हुए किसी भी असहज स्थिति में भरोसेमंद व्यक्ति से मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।
साइबर डीएसपी अभिनाश कुमार सिंह ने बच्चों को सोशल मीडिया का सुरक्षित और सकारात्मक इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति से दोस्ती करने से बचना चाहिए और अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने बच्चों से अभिभावक की तरह संवाद करते हुए कहा कि साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी परेशानी की स्थिति में 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन और 112 पर सहायता ली जा सकती है।
वहीं, साइबर पुलिस निरीक्षक फैराज हुसैन ने बच्चों को अनजान लिंक पर क्लिक या उसे डाउनलोड नहीं करने की सलाह दी। साइबर प्रोग्रामर प्रताप कुमार सिंह ने विभिन्न केस स्टडी के माध्यम से बच्चों और शिक्षकों को साइबर फ्रॉड के तौर-तरीकों से अवगत कराया। उन्होंने सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने और अपनी डिजिटल सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रानी वर्मा ने कर्पूरी ठाकुर ग्रामीण विकास संस्थान की ओर से आयोजित इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों को साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना समय की जरूरत है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक श्याम सर, संस्थान के समन्वयक प्रिंस कुमार, CSW मंतोष कुमार, नूतन माला, रिंकू कुमारी, शशांक कुमार और सामाजिक कार्यकर्ता कमलेश कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
