सीतामढ़ी, 11 अगस्त 2026। जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय के निर्देश पर स्वतंत्रता दिवस पखवाड़ा के तहत परिहार प्रखंड की नरंगा दक्षिणी पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन में बाल श्रम उन्मूलन और बाल विवाह निषेध को लेकर पंचायत स्तरीय जागरूकता एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई।
कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन सीतामढ़ी, श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग, शिक्षा विभाग और प्रथम संस्था के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। बैठक में बाल श्रम और बाल विवाह की रोकथाम के उपायों के साथ इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों पर चर्चा की गई।
बैठक में बच्चों की शिक्षा को बीच में बाधित होने से रोकने, किशोरियों को सशक्त बनाने तथा जरूरतमंद बच्चों और परिवारों को सरकारी योजनाओं एवं कौशल विकास के अवसरों से जोड़ने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
पंचायत को बाल श्रम और बाल विवाह मुक्त बनाने पर जोर
बैठक में पंचायत प्रतिनिधियों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी को जरूरी बताया गया। उपस्थित लोगों से पंचायत को बाल श्रम और बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए सामूहिक स्तर पर प्रयास करने का आह्वान किया गया।
अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने कहा कि बच्चों को शिक्षा से जोड़कर रखना और किशोरियों के अधिकारों एवं सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना बाल श्रम और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने बाल श्रम एवं बाल विवाह के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभाने और अपने-अपने स्तर से जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्रथम संस्था के प्रतिनिधि बीरेंद्र कुमार एवं हरिशंकर कुमार, आंगनबाड़ी पर्यवेक्षिका नितु कुमारी, विकास मित्र ललन बैठा, कचहरी सचिव अजय कुमार, वार्ड सदस्य संजय कुमार एवं किशोरी पासवान, आंगनबाड़ी सेविका रिंकू कुमारी एवं प्रियंका कुमारी, कवच परियोजना अदिथी संस्था की प्रतिनिधि सुनीता कुमारी सहित स्थानीय समुदाय के सदस्य मौजूद रहे।
#Sitamarhi #SitamarhiNews #BiharNews #ChildLabour #ChildMarriage #ChildRights #StopChildLabour #StopChildMarriage #EducationForAll #ChildProtection #Parihar #Panchayat #AwarenessCampaign #BiharNews
