सीतामढ़ी। जिले में बाल श्रम उन्मूलन अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा बाल श्रमिकों के समग्र पुनर्वास को सुनिश्चित करने के लिए समाहरणालय स्थित विमर्श कक्ष में जिला टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए डीएम रिची पाण्डेय ने कहा कि बाल श्रम से मुक्त कराए गए बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिया कि सभी विमुक्त बच्चों का शत-प्रतिशत विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित किया जाए और उनकी नियमित उपस्थिति की सतत निगरानी की जाए, ताकि कोई भी बच्चा दोबारा बाल श्रम की ओर न लौटे।

जिला पदाधिकारी ने सभी प्रखंड मुख्यालयों और ईंट-भट्ठों पर विशेष अभियान चलाकर बाल श्रमिकों की पहचान और उन्हें मुक्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विमुक्त बच्चे का सामाजिक जांच प्रतिवेदन तैयार कर एंटाइटलमेंट कार्ड बनाया जाए और उनके परिवारों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

डीएम ने जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU) को निर्देश दिए कि सभी विमुक्त बाल श्रमिकों का नियमित फॉलो-अप किया जाए तथा उनके पुनर्वास, शिक्षा और सुरक्षा की लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिले के प्रत्येक प्रखंड की कम से कम तीन पंचायतों को “बाल श्रम मुक्त पंचायत” के रूप में विकसित किया जाएगा।

बैठक में श्रम संसाधन, शिक्षा, समाज कल्याण, पंचायती राज, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया। डीएम ने कहा कि बाल श्रम उन्मूलन केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए सभी विभागों, सामाजिक संस्थाओं और समाज की सामूहिक भागीदारी आवश्यक है।

उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं से समन्वित प्रयास करते हुए “बाल श्रम मुक्त सीतामढ़ी” के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया।

बैठक में उप विकास आयुक्त संदीप कुमार, श्रम अधीक्षक रमाकांत, जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला कल्याण पदाधिकारी सुभाष चन्द्र राजकुमार, सहायक निदेशक जिला बाल संरक्षण इकाई लाल कृष्ण राय, सीपीओ गोविन्द राम, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों और स्वयंसेवी संस्थाओं के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version