प्रेस विज्ञप्ति
22-10-2026
*सीतामढ़ी में अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य पर किशोरियों के साथ संवाद, पेंटिंग एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित*
*बाल विवाह मुक्त पंचायत निर्माण में किशोरियों की भूमिका अहम: अपर समाहर्ता संजीव कुमार*
सीतामढ़ी, 22 अक्टूबर 2026 महिला एवं बाल विकास निगम, सीतामढ़ी एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य पर समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में किशोरियों के साथ संवाद, पेंटिंग प्रतियोगिता एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यूनिसेफ, प्रथम संस्था, अदिथि कवच परियोजना एवं दृष्टि संस्था ने सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना, उन्हें शिक्षा और करियर के प्रति जागरूक करना तथा बाल विवाह मुक्त पंचायतों के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अपर समाहर्ता संजीव कुमार ने किशोरियों को समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेशवाहक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि किशोरियां समाज की जमीनी परिस्थितियों से जुड़ी हैं और उनकी सक्रिय भागीदारी से ही समाज, पंचायत एवं जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने की परिकल्पना साकार हो सकती है। उन्होंने किशोरियों को समस्याओं की पहचान करने, उनके समाधान की दिशा में पहल करने तथा आत्मविश्वास के साथ अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने किशोरियों के साथ सहज संवाद करते हुए अपने जीवन के कई प्रेरणादायक अनुभव भी साझा किए। अपर समाहर्ता ने शिक्षा विभाग, पंचायती राज विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं समाज कल्याण विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों के संयुक्त प्रयासों से बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने महिला एवं बाल विकास निगम को निर्देशित किया कि आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका के सहयोग से संवेदनशील क्षेत्रों एवं वंचित परिवारों की पहचान के लिए सर्वेक्षण कराया जाए। विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के साथ-साथ जोखिमग्रस्त परिवारों एवं बच्चों की पहचान कर उनकी काउंसलिंग तथा आवश्यक सहयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर सूचना देने के प्रति भी जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान किशोरियों ने आत्मसम्मान, आत्मविश्वास, सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग, बेटी की शक्ति तथा समाज निर्माण में किशोरियों की भूमिका जैसे विषयों पर पेंटिंग के माध्यम से अपने विचार प्रस्तुत किए। किशोरी रानी, अंशु, गुंजा, श्रेया श्री, कासिफ ने संवाद के दौरान भी खुलकर अपनी बातें रखीं और बालिकाओं के अधिकारों, सुरक्षा एवं सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों पर अपनी समझ साझा की। बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इसकी रोकथाम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से किशोरियों को संबंधित वीडियो क्लिप भी दिखाए गए। कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह के विरुद्ध सामूहिक शपथ ग्रहण किया गया। उपस्थित प्रतिभागियों ने बाल विवाह की रोकथाम, किशोरियों की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन मुकुंद चौधरी ने किया। इस अवसर पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) -सह – नोडल पदाधिकारी महिला एवं बाल विकास निगम शोभा सिन्हा, जिला परियोजना प्रबंधक (महिला एवं बाल विकास निगम) एजाजुल अंसारी, केंद्र प्रशासक शबनम कुमारी, यूनिसेफ व प्रथम संस्था के जिला समन्वयक सुधीर कुमार, अदिथि कवच परियोजना के कन्वर्जेन्स विशेषज्ञ मनीष कुमार, मुकुंद कुमार, दृष्टि संस्था की माधुरी कुमारी सहित बीरेंद्र, मुकेश, नवीन, हरिशंकर, अमन, प्रशांत, पायल कुमारी, महिमा, विकास एवं अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।
