सीतामढ़ी के जिलाधिकारी रिची पांडेय ने गुरुवार को जिला परिवहन कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। गुप्त सूचना और लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर की गई इस कार्रवाई में कार्यालय परिसर में अनियमितताओं के प्रथम दृष्टया प्रमाण मिलने पर दो होमगार्ड जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने और विभागीय कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन के अनुसार, जिला परिवहन कार्यालय में कुछ होमगार्ड कर्मियों पर दलाली को बढ़ावा देने तथा बाहरी व्यक्तियों को संरक्षण देने की शिकायत मिली थी। शिकायतों के सत्यापन के लिए जिलाधिकारी ने स्वयं कार्यालय पहुंचकर औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाई गई। इसके बाद होमगार्ड जवान त्रिपुरारी सिंह और इशकी लाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। संबंधित अधिकारियों को दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने और प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जांच के दौरान रवि कुमार उर्फ फुद्दू और राजकुमार नामक दो बाहरी व्यक्तियों की कार्यालय परिसर में सक्रियता भी सामने आई। प्रारंभिक जांच में यह जानकारी मिली कि दोनों जिला परिवहन कार्यालय से जुड़े विभिन्न कार्यों में अभ्यर्थियों की ओर से हस्तक्षेप करते थे। उनके खिलाफ धन लेकर काम कराने के आरोपों की भी जांच की जा रही है। प्रशासन ने उनके विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है।

जिलाधिकारी रिची पांडेय ने जिला परिवहन पदाधिकारी को कार्यालय की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय परिसर में बाहरी व्यक्तियों के अनधिकृत प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाई जाए और दलाली की किसी भी संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि आम नागरिकों को बिना किसी बिचौलिये के समयबद्ध और सुगम सेवाएं मिल सकें।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार, दलाली और अनधिकृत हस्तक्षेप किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। यदि कोई कर्मचारी, अधिकारी या बाहरी व्यक्ति ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version