महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सीतामढ़ी जिले के सोनबरसा थाना क्षेत्र में ‘ऑपरेशन विधि पालक’ के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत पुलिस टीम ने इंदरवा उच्च विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विशेष रूप से बालकों को महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार अपनाने का संदेश दिया। साथ ही महिला सुरक्षा, महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाले अपराध, उनसे जुड़े कानूनी एवं दंडात्मक प्रावधानों तथा आपात स्थिति में पुलिस सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी भी साझा की।
विद्यार्थियों को कानून का पालन करने, सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं का सम्मान केवल कानूनी दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
अभियान के दौरान छात्रों से अपील की गई कि वे महिला सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें तथा इस संदेश को अपने परिवार, मित्रों और समाज तक भी पहुंचाएं, ताकि सुरक्षित और संवेदनशील वातावरण का निर्माण किया जा सके।
पुलिस ने विद्यार्थियों को यह भी बताया कि यदि किसी प्रकार की आपराधिक घटना, महिला उत्पीड़न या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल डायल-112 या नजदीकी थाना को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऐसे जागरूकता अभियान का उद्देश्य समाज में महिलाओं और बालिकाओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना तथा अपराधों की रोकथाम में आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
