जिला जनसम्पर्क कार्यालय

प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक 01/06/2026

देश में तीसरा एवं बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिलाधिकारी आनंद शर्मा ने बढ़ाया मधुबनी का मान।
फेम इंडिया-एशिया पोस्ट के राष्ट्रीय सर्वेक्षण में मिली ऐतिहासिक उपलब्धि, मधुबनी सहित पूरे बिहार में हर्ष की लहर।
मधुबनी जिले के लिए अत्यंत गौरव एवं सम्मान का विषय है

मधुबनी जिले के लिए अत्यंत गौरव एवं सम्मान का विषय है कि जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा को प्रतिष्ठित फेम इंडिया-एशिया पोस्ट “सर्वश्रेष्ठ जिलाधिकारी 2026” राष्ट्रीय सर्वेक्षण में बिहार में प्रथम तथा पूरे देश में तृतीय स्थान प्राप्त हुआ है। यह उपलब्धि न केवल जिलाधिकारी की दूरदर्शी कार्यशैली, नवाचार एवं उत्कृष्ट प्रशासनिक नेतृत्व का प्रमाण है, बल्कि मधुबनी जिले के समर्पित प्रशासनिक तंत्र और जनता के सहयोग की भी बड़ी सफलता है।
देशभर के लगभग 800 जिलों के जिलाधिकारियों के कार्यों का मूल्यांकन 10 प्रमुख मानकों—उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, प्रभावी गवर्नेंस, नवाचार, जवाबदेही, संकट प्रबंधन, जनसंपर्क, विकासोन्मुख सोच, संवेदनशीलता, व्यवहार कुशलता एवं त्वरित निर्णय क्षमता—के आधार पर किया गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सर्वेक्षण में जिलाधिकारी आनंद शर्मा को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों और जनकेंद्रित प्रशासन के लिए देश के शीर्ष अधिकारियों में स्थान दिया गया।
श्री आनंद शर्मा के नेतृत्व में मधुबनी ने बीते वर्षों में प्रशासनिक नवाचार, डिजिटल गवर्नेंस, पंचायत सशक्तिकरण, निर्वाचन प्रबंधन, शिकायत निवारण, भूमि प्रबंधन तथा विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उनके द्वारा विकसित “मधुबनी फर्स्ट डैशबोर्ड” ने प्रशासनिक निगरानी और जवाबदेही को नई दिशा दी है, जिससे योजनाओं की रीयल टाइम मॉनिटरिंग एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।
उनके नेतृत्व में मधुबनी को वर्ष 2026 में राष्ट्रपति द्वारा सर्वश्रेष्ठ निर्वाचन जिला पुरस्कार तथा पूर्व में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार जैसी राष्ट्रीय उपलब्धियां प्राप्त हुईं। जिले में सुशासन, पारदर्शिता, तकनीक आधारित प्रशासन और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए किए गए प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर लगातार सराहना हो रही है।
फेम इंडिया पत्रिका ने अपने विशेष अंक में जिलाधिकारी आनंद शर्मा को “दूरदर्शी” श्रेणी में प्रमुख स्थान देते हुए उन्हें ऐसे प्रशासक के रूप में वर्णित किया है, जिन्होंने प्रशासन को केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित न रखकर उसे जनविश्वास और सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनाया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आम नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी को बधाई दी है। सभी ने विश्वास व्यक्त किया है कि उनके नेतृत्व में मधुबनी विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय मधुबनी की जागरूक जनता, जिला प्रशासन की पूरी टीम, जनप्रतिनिधियों तथा सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मियों को देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे मधुबनी जिले का सम्मान है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आगे और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा प्रदान करती है तथा जनसेवा, पारदर्शिता एवं विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।

“बिहार में प्रथम और देश में तृतीय स्थान की यह उपलब्धि मधुबनी के लिए गौरव का क्षण है। यह सम्मान उस विश्वास, समर्पण और सामूहिक प्रयास का परिणाम है, जिसके बल पर मधुबनी आज राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना रहा है।”- —————————————————————————————* ..*

  *आपदा नही है भारी,यदि पूरी है तैयारी। सजग रहे,सर्तक रहे।  किसी भी प्रकार की* *सहायता या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर  पर*06276-222576  पर करे संपर्क।।**                         

=============== ===

**

# DPRO,Madhubani

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version