बिहार के क्रिकेट जगत में इन दिनों युवा खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिल रहा है। बल्लेबाजी में समस्तीपुर के वैभव सूर्यवंशी अपनी प्रतिभा से देश-दुनिया में पहचान बना रहे हैं, तो अब गेंदबाजी में मुजफ्फरपुर के वासुदेव प्रसाद सिंह अपनी रफ्तार से छाप छोड़ने को तैयार हैं।
पांच विकेट लेकर बटोरी थी सुर्खियां
वासुदेव अपनी गेंदबाजी का दम पहले भी दिखा चुके हैं। कर्नल सीके नायडू ट्राफी में मणिपुर के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच विकेट झटके थे। इस प्रदर्शन से उनकी गेंदबाजी क्षमता का पता चला। दाएं हाथ के गेंदबाज वासुदेव मुजफ्फरपुर की वासुदेव क्रिकेट एकेडमी से जुड़े हैं।
एमआरएफ पेस फाउंडेशन में भी मिला प्रशिक्षण
जुलाई 2026 में वासुदेव को एमआरएफ पेस फाउंडेशन और क्रिकेट आस्ट्रेलिया के विशेष एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए चुना गया था। पूरे भारत से चयनित चुनिंदा गेंदबाजों में शामिल होना उनके लिए बड़ी उपलब्धि रही।
कोच और वरिष्ठ खिलाड़ियों ने दी बधाई
वासुदेव के रणजी टीम में चयन पर उनके कोच दिनेश कुमार और वरिष्ठ खिलाड़ी उत्पल रंजन ने बधाई दी है। जिले के क्रिकेट प्रेमियों को उम्मीद है कि वासुदेव गोवा के खिलाफ अपनी धारदार गेंदबाजी से बिहार टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान देंगे और मुजफ्फरपुर का नाम रोशन करेंगे।
