समाहरणालय, सीतामढ़ी
जिलाधिकारी श्री रिची पांडे की अध्यक्षता में आज समाहरणालय स्थित उनके कार्यालय कक्ष में जिला स्थापना शाखा अंतर्गत समीक्षा बैठक किया गया। इस बैठक में जिले के विभिन्न विभागों में कार्यरत संविदा कर्मियों के नियोजन, संविदा अवधि के विस्तार, तथा अनुकंपा नियुक्तियों से संबंधित मामलों की गहन समीक्षा की गई।
बैठक में दो लिपिक एवं दो कार्यालय परिचारी का नियोजन तथा 10 लिपिक, परिचारी का संविदा अवधि विस्तार करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रक्रियाएं न्यायपूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन हेतु संबंधित विभाग अभिलेखों का अद्यतन परीक्षण कर शीघ्र प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।
बैठक में प्रभारी पदाधिकारी जिला स्थापना प्रशाखा श्री अभिराम त्रिवेदी, अपर समाहर्ता जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, नजारत उप समाहर्ता श्री प्रकाश कुमार एवं अन्य संबंधित अधिकारी कर्मी उपस्थित थे।
