छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा, सुविधा और सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन की पूरी टीम रहा मुस्तैद

जिलाधिकारी ने अधिकारियों, पूजा समितियों एवं आम नागरिकों के प्रति जताया आभार
मधुबनी
16 नवंबर, 2026

लोक आस्था, श्रद्धा एवं सूर्योपासना का महान पर्व छठ चार दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के साथ सफल, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित रूप से आज संपन्न हो गया। छठ महापर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा, सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला पदाधिकारी श्री आनंद शर्मा के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में जिला प्रशासन की पूरी टीम लगातार सक्रिय एवं तत्पर रही। जिलाधिकारी स्वयं पर्व की तैयारियों से लेकर समापन तक विभिन्न छठ घाटों एवं संबंधित क्षेत्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।

छठ महापर्व के अवसर पर घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ एवं आस्था को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई थीं। जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री योगेंद्र कुमार, नगर आयुक्त श्री उमेश भारती एवं अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री चंदन कुमार झा ने विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग की। इस दौरान अधिकारियों ने घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की आवाजाही का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के विभिन्न छठ घाटों के साथ-साथ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के आवागमन वाले प्रमुख मार्गों पर भी विशेष व्यवस्था की गई थी। घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई। सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण घाटों पर विशेष सतर्कता बरती गई। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ की तैनाती, घाटों पर मेडिकल कैंप तथा आवश्यकतानुसार नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गई थी।
विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा संधारण के लिए छठ घाटों से लेकर प्रमुख मार्गों तक पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को घाटों तक पहुंचने और वापस लौटने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े। प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया था।
जिले के सभी अनुमंडलों में भी प्रशासनिक स्तर पर सतत निगरानी रखी गई। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने अपने-अपने अनुमंडलीय क्षेत्रों में छठ पूजा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं का अनुश्रवण किया। स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल एवं संबंधित पूजा समिति के बीच बेहतर समन्वय के साथ पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं संचालित की गईं।
जिलाधिकारी श्री आनंद शर्मा ने छठ महापर्व के सफल, शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन पर संतोष व्यक्त करते हुए इस पुनीत कार्य में लगे जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों, नगर निगम के कर्मियों, पूजा समितियों, स्वयंसेवकों तथा आम नागरिकों के प्रति आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा, सामाजिक समरसता एवं सामूहिक सहभागिता का महान पर्व है। इसके सफल आयोजन में प्रशासनिक तत्परता के साथ-साथ पूजा समितियों एवं आम नागरिकों का सहयोग भी अत्यंत महत्वपूर्ण रहा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित लोगों के सहयोग एवं सामूहिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के समन्वित प्रयास से जिले में छठ महापर्व का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version