लोक आस्था के महापर्व छठ (Chhath Puja 2026) पर घर लौटने वाले यात्रियों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। एक ओर प्रमुख ट्रेनें घंटों विलंब (लेट) से चल रही हैं, दूसरी ओर यात्रियों की सुविधा के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन भी रद हो रही हैं।
04478 आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल मंगलवार को जमालपुर पहुंचने वाली थी, लेकिन बुधवार को पहुंची। करीब 23 घंटे की देरी से पहुंचे यात्रियों का कहना था कि छठ पर घर पहुंचने की उम्मीद में निकले थे, लेकिन ट्रेन की लेटलतीफी ने पूरा कार्यक्रम बिगाड़ दिया।
यात्री पंकज कुमार, अमित कुमार, राहुल कुमार और पीयूष कुमार ने बताया कि एक दिन तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। इससे काफी परेशानी हुई।
राहत देने वाली स्पेशल ट्रेन ही रद
पर्व में यात्रियों की भीड़ कम करने के लिए चलाई गई 04456 आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल बुधवार को रद रही। नियमित ट्रेनों में पहले से ही भारी भीड़ है।
ऐसे में स्पेशल ट्रेन के रद होने से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों की तलाश करनी पड़ी। जिस ट्रेन से राहत मिलने की उम्मीद थी, उसके रद होने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई।
पूछताछ केंद्र पर भी स्पष्ट जवाब नहीं
ट्रेनों की देरी के साथ यात्रियों की परेशानी तब और बढ़ गई, जब पूछताछ केंद्र से भी सही जानकारी नहीं मिल रही थी। यात्रियों का कहना था कि बार-बार पूछने पर केवल ट्रेन विलंब होने और इंतजार करने की बात बताई जा रही थी। छठ जैसे महापर्व पर रेलवे को परिचालन व्यवस्था दुरुस्त रखनी चाहिए।
यात्रियों ने वरीय अधिकारियों से ट्रेनों का परिचालन नियमित करने, स्पेशल ट्रेनों को समय पर चलाने और विलंब की सही जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की।
विलंब हुई ट्रेनें:
- 12368 विक्रमशिला एक्सप्रेस सात घंटे
- 04062 आनंद विहार-भागलपुर स्पेशल 10 घंटे
- 12236 लोकमान्य तिलक-भागलपुर एक्सप्रेस सात घंटे
- 22947 सूरत-भागलपुर एक्सप्रेस छह घंटे
- 15657 दिल्ली-कामाख्या एक्सप्रेस पांच घंटे
- 12350 नई दिल्ली-गोड्डा हमसफर चार घंटे
- 03436 आनंद विहार-मालदा टाउन स्पेशल दो घंटे
