भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने बंगाल की खाड़ी में बन रहे लो-प्रेशर एरिया को देखते हुए देश के कई हिस्सों में अगले छह दिनों तक भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम में हो रहे इस बदलाव का असर दक्षिण भारत के राज्यों के साथ-साथ उत्तर-पश्चिम भारत और पहाड़ी क्षेत्रों में भी दिखेगा।

दिल्ली-एनसीआर में 23 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने के बाद 24 और 25 अक्टूबर को हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, 23 से 26 अक्टूबर के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब और हरियाणा, चंडीगढ़ सहित उत्तर-पश्चिम भारत के कई मैदानी व पहाड़ी इलाकों में आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है।

IMD के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और समुद्र तट पर लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना है, जिसके कारण 20 से 22 अक्टूबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में और 20 से 26 अक्टूबर के दौरान के केरल, माहे और लक्षद्वीप में, और 22 से 24 अक्टूबर के दौरान तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भारी बारिश होने की संभावना है।

IMD के अनुसार, 23 से 25 अक्टूबर के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में, 24 से 25 अक्टूबर के दौरान हिमाचल प्रदेश में और 23 से 26 अक्टूबर के दौरान उत्तराखंड में कुछ-कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

वहीं, पश्चिमी राजस्थान में 24 अक्टूबर और पूर्वी राजस्थान में 20 तथा 24 अक्टूबर को कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना हैं। इस दौरान आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

अगर बात करें मध्य और पश्चिम भारत के मौसम की तो 20 से 23 अक्टूबर के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

20 से 22 अक्टूबर के दौरान नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version