समाहरणालय सीतामढ़ी
जन संपर्क प्रशाखा
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 09 मई 2026
मेहसौल आरओबी निर्माण कार्य की समीक्षा, जिलाधिकारी ने तेजी लाने के दिए निर्देश
जिला पदाधिकारी, रिची पांडेय की अध्यक्षता में मेहसौल आर०ओ०बी० (एल०सी०–56) निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना निदेशक, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, उप मुख्य अभियंता (निर्माण), पूर्व मध्य रेलवे, सीतामढ़ी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कार्य निष्पादन एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
बैठक के दौरान मेहसौल आरओबी निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, तकनीकी बाधाओं, लंबित कार्यों तथा निर्माण की गति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्य में तेजी लाने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं एजेंसियों को दिया। विशेष रूप से आरओबी के सोनबरसा छोर पर लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा गया।
समीक्षा के क्रम में उप मुख्य अभियंता (निर्माण), पूर्व मध्य रेलवे, सीतामढ़ी द्वारा आश्वस्त किया गया कि आरओबी के रेलवे पोर्शन का निर्माण कार्य 31 अगस्त 2026 तक पूर्ण कर लिया जाएगा। वहीं बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड के वरीय परियोजना अभियंता ने जानकारी दी कि रेलवे पोर्शन का कार्य पूर्ण होने के उपरांत सोनबरसा छोर पर रेलवे पोर्शन के समीप स्थित तीनों स्पेन सहित शेष निर्माण कार्य 30 नवंबर 2026 तक पूरा कर लिया जाएगा।
जिलाधिकारी रिची पांडेय ने कहा कि मेहसौल आरओबी जिले की महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है। इसके पूर्ण होने से शहर में यातायात व्यवस्था सुगम होगी तथा लोगों को जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी। उन्होंने संबंधित एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।
