मधुबनी। जिले में भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए भूमि उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की पहल जारी है। लौकही प्रखंड की बनगामा दक्षिणी पंचायत में अभियान बसेरा 2.0 के तहत भूमि बंदोबस्ती पर्चा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा और वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने 30 भूमिहीन लाभुकों के बीच वास पर्चा वितरित किया।

वास पर्चा मिलने के बाद लाभुकों के चेहरों पर खुशी नजर आई। भूमिहीन परिवारों ने जमीन का अधिकार मिलने पर राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। लाभुकों ने कहा कि वास पर्चा मिलने से अब उनके आशियाने के लिए जमीन का स्थायी आधार मिल गया है और वर्षों से देखा जा रहा उनका सपना पूरा हुआ है।

भूमिहीन परिवारों को आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराना लक्ष्य

जिला पदाधिकारी आनंद शर्मा ने कहा कि अभियान बसेरा 2.0 का मुख्य उद्देश्य भूमिहीन और जरूरतमंद परिवारों की पहचान कर उन्हें आवास निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने में तेजी लाई जाए और भूमि बंदोबस्ती की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनाए रखी जाए।

डीएम ने कहा कि वास पर्चा महज जमीन से संबंधित दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह भूमिहीन परिवारों के सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य की नींव है।

लाभुकों से अधिकारियों ने लिया फीडबैक

कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों ने लाभुकों से संवाद किया और उनकी समस्याओं तथा आवश्यकताओं की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से कहा गया कि पात्र और जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उन्हें उनके अधिकारों का लाभ दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

अधिकारियों ने संबंधित विभागों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचे।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में फुलपरास के अनुमंडल पदाधिकारी अनीश कुमार, लौकही विधायक सतीश कुमार साह, अंचल अधिकारी अमर कुमार चौधरी, प्रखंड विकास पदाधिकारी लौकही अमित कुमार, बनगामा दक्षिणी पंचायत की मुखिया मनीता देवी सहित कई पदाधिकारी, कर्मी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

शराबबंदी से संबंधित सूचना: बिहार में शराब का व्यापार एवं सेवन पूर्ण रूप से अवैध है। इससे संबंधित जानकारी टोल फ्री नंबर 15545 या 18003456268 तथा जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-222576 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

#Madhubani #MadhubaniNews #AbhiyanBasera #Basera2Point0 #AnandSharma #BiharNews #LandSettlement #BiharGovernment #Laukahi #Bihar

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version