मधुबनी। जिले में एलपीजी गैस एवं पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता पूरी तरह सामान्य और नियंत्रित है। जिला प्रशासन द्वारा गैस वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 29 मई 2026 तक जिले में कुल 33 हजार 834 एलपीजी गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। इंडियन ऑयल (IOCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) और भारत पेट्रोलियम (BPCL) के माध्यम से जिले में नियमित आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान में जिले में कुल 99 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं।

प्रशासन ने बताया कि पूर्व में की गई जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर चार गैस एजेंसियों को सील किया गया था। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं के हितों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बुकिंग और आपूर्ति की स्थिति

1 मार्च 2026 से 28 मई 2026 तक जिले में कुल 12 लाख 26 हजार 307 एलपीजी गैस बुकिंग दर्ज की गई हैं। बुकिंग के अनुरूप सिलेंडरों की आपूर्ति भी लगातार की जा रही है।

केवल 28 मई 2026 को जिले में 12 हजार 798 गैस बुकिंग प्राप्त हुईं, जबकि उसी दिन तेल कंपनियों से 16 हजार 294 एलपीजी सिलेंडर जिले को उपलब्ध कराए गए।

होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश

जिला प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई एजेंसी उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से परेशान करती है, अतिरिक्त शुल्क वसूलती है या वितरण में लापरवाही बरतती है, तो उसके विरुद्ध सख्त प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उपभोक्ताओं से प्रशासन की अपील

प्रशासन ने आम नागरिकों से अनावश्यक गैस बुकिंग से बचने, घरेलू गैस का उपयोग केवल घरेलू कार्यों में करने तथा कालाबाजारी, जमाखोरी या अवैध भंडारण की सूचना तुरंत प्रशासन को देने की अपील की है।

किसी भी शिकायत या सूचना के लिए जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06276-222576 पर संपर्क किया जा सकता है।

पेट्रोल और डीजल का भी पर्याप्त भंडार

जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर भी ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है। 29 मई 2026 तक जिले में 531.6 हजार लीटर पेट्रोल और 719 हजार लीटर हाई स्पीड डीजल का स्टॉक उपलब्ध है।

जिला प्रशासन ने लोगों से पेट्रोल और डीजल का अनावश्यक भंडारण नहीं करने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।

प्रशासन ने कहा कि संपूर्ण स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version