मधुबनी, 31 जुलाई 2026: महिला एवं बाल विकास निगम के जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) और स्वास्थ्य विभाग, मधुबनी के संयुक्त तत्वावधान में रहिका प्रखंड की मलंगिया पंचायत स्थित डुमरी गांव में शुक्रवार को निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। जिला मिशन समन्वयक अंजनी कुमार झा के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों, विशेषकर महिलाओं तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं, चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता पहुंचाना था।

शिविर में ग्रामीणों को गर्भावस्था जांच, रक्तचाप (BP), ब्लड शुगर जांच, टीबी स्क्रीनिंग, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र परीक्षण तथा विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान 200 से अधिक लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें ब्लड शुगर और रक्तचाप की जांच प्रमुख रूप से शामिल रही। साथ ही उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें आवश्यकतानुसार रेफर भी किया गया।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने महिलाओं एवं अन्य लाभार्थियों को पोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, एनीमिया की रोकथाम और परिवार नियोजन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। परिवार नियोजन के तहत कंडोम, माला-डी और कॉपर-टी जैसी सुविधाओं और उनके उपयोग के बारे में भी जागरूक किया गया। इसके अलावा महिलाओं से जुड़े विभिन्न स्वास्थ्य और सामाजिक मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

शिविर के दौरान लाभार्थियों के बीच आईएफए (IFA) टैबलेट, कैल्शियम, ओआरएस (ORS) तथा अन्य आवश्यक दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए कॉटन, स्पिरिट, ग्लव्स, मास्क और सैनिटाइज़र सहित सभी आवश्यक चिकित्सा सामग्री की व्यवस्था भी की गई थी।

इस स्वास्थ्य शिविर में 200 से अधिक महिला एवं पुरुष लाभार्थियों ने भाग लिया और सभी को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया गया। साथ ही लोगों को संतुलित आहार, स्वस्थ जीवनशैली और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भी जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम की ओर से जिला मिशन समन्वयक अंजनी कुमार झा, केंद्र प्रशासक सुषमा कुमारी, लैंगिक विशेषज्ञ शिवराम मेहरा, केस वर्कर वीणा चौधरी, एएनएम नीरजा कुमारी, एमटीएस पूनम कुमारी तथा आंगनबाड़ी सेविका बीबी हुमा खातून मौजूद रहीं।

वहीं स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. जितेंद्र कुमार, डॉ. ज्ञान चंद्र ठाकुर, सुनील कुमार (RMNCHA Coordinator), संगीता कुमारी (ANM), मधु कुमारी (ANM), रंभा देवी, रीना देवी और मंतोर देवी (ANM) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

इस संयुक्त पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा विशेष रूप से महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण, मातृ एवं शिशु कल्याण और परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version