रूढ़िवादी सोच को बेटियां पीछे छोड़ रही हैं। इसका उदाहरण बुधवार दोपहर में जिले में देखने को मिला। पिता की मौत के बाद बेटी ने उनके चिता को मुखाग्नि दी। इससे अंत्येष्टि स्थल पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। लोग बेटी की सराहना कर रहे हैं।

कोतवाली देहात के काशीराम फुटहा कालोनी निवासी 48 वर्षीय जगदीश अपनी पत्नी रेखा व बेटी ईशा के साथ रहते थे। उनके कोई पुत्र नहीं है। सिर्फ एक बेटी है। कई दिनों से जगदीश बीमार चल रहे थे। बुधवार सुबह उनका निधन हो गया।

इस पर आसपास के लोगों ने अंतिम संस्कार की तैयारी की। पड़ोसियों ने अंतिम संस्कार कौन करेगा, इस बारे में चर्चा की तो बेटी ने आगे आकर स्वयं अंतिम संस्कार करने की बात कही। इस पर सभी शव लेकर त्रिमुहानी घाट पहुंचे। यहां पर रस्म पूरी की गई।

इसके बाद मंत्रोच्चार के साथ बेटी ने पिता के चिता को मुखाग्नि दी। वहां मौजूद लोगों की आंखें इस दृश्य को देख नम हो गईं। सभी ने कहा कि बेटी ने पुरानी सोच को पीछे छोड़कर पिता के चिता को मुखाग्नि दी है। आज के समय में बेटियां भी बेटों से कम नहीं हैं। बस उन्हें आगे आने की जरूरत है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version