बिहार में लगातार बदलते मौसम और तीन चक्रवातों के असर ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बेमौसम बारिश के कारण जहां खरीफ की फसलों को नुकसान पहुंचा है, वहीं रबी सीजन की बुआई भी प्रभावित हुई है। सबसे ज्यादा असर दलहन और तेलहन की खेती पर पड़ा है। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में किसान अब तक मसूर, चना और सरसों की बुआई नहीं कर पाए हैं। इसका असर आने वाले समय में दाल और खाद्य तेल की उपलब्धता पर भी पड़ सकता है।
दरअसल, बीते एक महीने में तीन चक्रवातों के प्रभाव से हुई असमय बारिश ने खेतों में नमी बढ़ा दी है। इसके चलते धान की कटाई में देरी हुई और जिन खेतों में रबी फसलों की बुआई हो जानी चाहिए थी, वहां अब भी धान की कटाई का काम पूरा नहीं हो पाया है। मशीनों से कटाई करना भी कई जगह मुश्किल हो गया है।
कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक, मसूर और सरसों की बुआई का उपयुक्त समय निकल चुका है। वहीं चने की बुआई 30 नवंबर तक की जा सकती है, लेकिन देरी होने से अच्छी पैदावार को लेकर आशंका बनी हुई है। ऐसे में किसानों के सामने गेहूं की अगात किस्मों की बुआई का विकल्प बचा है।
इस संकट का असर सिर्फ किसानों तक सीमित नहीं रह सकता। बिहार पहले से ही दलहन और तेलहन के उत्पादन में अपनी मांग पूरी करने के लिए संघर्ष कर रहा है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, राज्य में करीब 3.93 लाख टन दलहन का उत्पादन होता है, जबकि मांग लगभग 12 लाख टन है। वहीं तेलहन का उत्पादन करीब 1.2 लाख टन है, जबकि इसकी मांग 13 लाख टन से अधिक है।
यानी राज्य में दाल और खाद्य तेल की जरूरत का बड़ा हिस्सा दूसरे राज्यों से पूरा किया जाता है। ऐसे में इस साल मौसम की मार से स्थानीय उत्पादन प्रभावित हुआ, तो बाजार में कीमतों और आपूर्ति पर दबाव बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी बेमौसम बारिश से फसलों को हुए नुकसान का आकलन करने और प्रभावित किसानों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। कृषि और आपदा प्रबंधन विभाग को जिलों से जमीनी रिपोर्ट जुटाने को कहा गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि मौसम की इस मार से किसानों को कितना नुकसान हुआ है और सरकार समय रहते राहत पहुंचा पाएगी या नहीं? क्योंकि खेती में हुई देरी का असर केवल खेतों तक नहीं, बल्कि आम आदमी की रसोई तक पहुंच सकता है।
नोट: दाल की उपलब्धता या कीमतों में बढ़ोतरी अभी आशंका है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
