*समाहरणालय, मधुबनी*
================
*जिला जनसम्पर्क कार्यालय*
================
*प्रेस विज्ञप्ति*
*दिनांक – 15/06/2026*
================
*प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से महेंद्र प्रसाद महतो बने सफल उद्यमी, मिनी राइस मिल से मिला रोजगार*
———————————————-
*मधुबनी 15 जून 2026*
*प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत प्राप्त वित्तीय सहायता ने मधुबनी जिले के लखनौर प्रखंड निवासी महेंद्र प्रसाद महतो को एक सफल उद्यमी के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने वर्ष 2023 में मिनी राइस मिल की स्थापना कर न केवल अपना व्यवसाय शुरू किया, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित किए हैं।*
*महेंद्र प्रसाद महतो ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के बारे में जानकारी प्राप्त करने के बाद अपना उद्यम स्थापित करने का निर्णय लिया। योजना के अंतर्गत उन्हें लगभग 25 लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्राप्त हुई। इस सहायता से उन्होंने आधुनिक सुविधाओं से युक्त मिनी राइस मिल की स्थापना की और धान से चावल उत्पादन का कार्य प्रारंभ किया।*
*व्यवसाय की शुरुआत के दौरान उन्हें बाजार में अपने उत्पाद की पहचान बनाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। प्रारंभिक दिनों में उत्पादित चावल को ग्राहकों तक पहुंचाना और बाजार में प्रतिस्पर्धा के बीच अपनी जगह बनाना एक बड़ी चुनौती थी।* *हालांकि, गुणवत्तापूर्ण उत्पाद और निरंतर मेहनत के बल पर उन्होंने धीरे-धीरे स्थानीय बाजार में अपनी अलग पहचान बना ली।*
*वर्तमान में उनकी राइस मिल स्थानीय लोगों को उचित मूल्य पर बेहतर गुणवत्ता वाला चावल उपलब्ध करा रही है। इस उद्यम की स्थापना से स्वयं महेंद्र प्रसाद महतो के अलावा लगभग दस अन्य कुशल श्रमिकों को भी रोजगार प्राप्त हुआ है। इससे संबंधित परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है और सामाजिक सम्मान में भी वृद्धि हुई है।*
*महेंद्र प्रसाद महतो का लक्ष्य भविष्य में अपने व्यवसाय का और विस्तार करना है। इसके लिए वे अतिरिक्त पूंजी निवेश कर उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजना बना रहे हैं।*
*उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि बिहार में उद्योग स्थापित करने की अपार संभावनाएं हैं। यदि युवा सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर मेहनत और लगन के साथ उद्यम शुरू करें, तो वे आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार प्रदान कर सकते हैं। यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।*
———————- ———————————————————————
================
*बिहार में शराब का व्यापार एवम सेवन पूर्ण रूप से अवैध है। इससे संबधित जानकारी टॉल फ्री नंबर 15545 या 18003456268 एवम जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर ’06276-222576 पर भी ’जरूर दे। आपकी पहचान गोपनीय रखी जायेगी ।*
================
================
*DPRO,MADHUBANI*
