प्रेस विज्ञप्ति

पुराना पोस्टमार्टम हाउस–आंबेडकर चौक रिंग बांध सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ।

लंबे समय से जर्जर अवस्था में पड़ी पुराना पोस्टमार्टम हाउस से आंबेडकर चौक तक रिंग बांध सड़क के निर्माण का कार्य शुक्रवार से प्रारंभ कर दिया गया। इस अवसर पर विधायक सुनील कुमार पिंटू एवं जिलाधिकारी रिची पांडेय द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
शहरी विकास योजना के अंतर्गत लगभग 14.86 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इस परियोजना के पूर्ण होने से शहर में यातायात के दबाव को कम करने में मदद मिलेगी तथा आमजन को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
इस अवसर पर माननीय विधायक ने कहा कि इस सड़क के निर्माण से शहरवासियों को काफी सुविधा मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था सुगम होगी।
जिलाधिकारी रिची पांडेय ने बताया कि पुराना पोस्टमार्टम हाउस से आंबेडकर चौक तक लगभग 2.16 किलोमीटर लंबी रिंग रोड का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है, जिसमें लगभग 650 मीटर भाग में पीसीसी सड़क का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आंबेडकर चौक से कपरौल गुमटी तक रिंग रोड निर्माण के लिए शीघ्र ही टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाएगी। इसके अतिरिक्त गोशाला से खैरवा तक सड़क निर्माण की स्वीकृति के लिए पथ निर्माण विभाग को प्रस्ताव भेजा गया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि उक्त सड़क का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने के लिए इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि आमजन को शीघ्र ही बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version