प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक -20 नवंबर 2026
जिलाधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, जिले के 170 चिन्हित स्थलों पर होगा जागरूकता कार्यक्रम
सीतामढ़ी। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में संचालित नशा मुक्त बिहार अभियान के तहत जिले में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
उल्लेखनीय है कि अभियान के तहत रवाना की गई सभी पांचों टीमें सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से निबंधित हैं। इन टीमों द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों में कुल 170 चिन्हित स्थलों पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा।
नुक्कड़ नाटक की टीमों द्वारा नाटक, गीत-संगीत एवं संवाद के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों, इसके सामाजिक एवं पारिवारिक प्रभावों तथा नशामुक्त जीवन के महत्व को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए जनभागीदारी और सामूहिक संकल्प आवश्यक है।
जिला प्रशासन द्वारा अभियान के तहत विभिन्न माध्यमों से जागरूकता गतिविधियों को निरंतर गति दी जा रही है, ताकि नशामुक्त बिहार के संकल्प को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री कमल सिंह उपस्थित थे।
