समाहरणालय, सीतामढ़ी
जिला जनसंपर्क प्रशाखा
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक–14 अक्टूबर, 2026
तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन–2026 को लेकर मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण संपन्न,
निर्वाचन प्रक्रिया की बारीकियों से कराया गया अवगत
तिरहुत शिक्षक एवं स्नातक विधान परिषद निर्वाचन–2026 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा निर्वाचन संबंधी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में आज समाहरणालय स्थित परिचर्चा भवन में प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारियों, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वर तथा वीडियोग्राफरों का प्रशिक्षण दो पालियों में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारियों एवं प्रथम मतदान पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि द्वितीय सत्र में द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारियों सहित अन्य संबंधित कर्मियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी आवश्यक जानकारियां दी गईं।
प्रशिक्षण के दौरान मतदान सामग्री प्राप्त करने एवं उसका मिलान करने, सामग्रियों की समुचित जांच, मतदान केंद्र के अधिष्ठापन, मतपेटी तैयार करने, मतदान प्रारंभ होने से पूर्व की आवश्यक औपचारिकताओं तथा मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त मतदाताओं को अमिट स्याही लगाने, पीठासीन पदाधिकारी द्वारा आवश्यक घोषणा करने, मतदान पदाधिकारियों के कर्तव्यों एवं दायित्वों, मतदान की निर्धारित विधि तथा मतदान समाप्ति के बाद निर्वाचन सामग्री को सुरक्षित रूप से वज्रगृह, मुजफ्फरपुर में जमा करने तक की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान मतदान की गोपनीयता बनाए रखने, निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करने तथा निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी श्री तनय सुल्तानिया ने कहा कि विधान परिषद निर्वाचन का सफल संचालन सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों की सजगता, दक्षता और जिम्मेदारी पर निर्भर करता है। निर्वाचन प्रक्रिया के प्रत्येक चरण का निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपादन सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मतदान पदाधिकारी प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का भली-भांति अध्ययन कर लें, ताकि मतदान के दिन किसी प्रकार की असुविधा या प्रक्रियागत त्रुटि की स्थिति उत्पन्न न हो। निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, सतर्कता एवं प्रतिबद्धता के साथ करें।
जिला प्रशासन द्वारा विधान परिषद निर्वाचन के सुचारु, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।
प्रशिक्षण में उप निर्वाचन पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी प्रशिक्षण कोषांग सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
