जिला स्वास्थ्य समिति सभागार में RCH 2.0 (जननी) पोर्टल पर क्षमता वर्धन प्रशिक्षण आयोजित

जिला स्वास्थ्य समिति के सभागार में आज सिविल सर्जन डॉ. आर. के. यादव के नेतृत्व में RCH 2.0 (जननी) पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय क्षमता वर्धन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) असित रंजन, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी संतोष कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक (DPC) दिनेश कुमार, प्रतीक कुमार, पीरामल फाउंडेशन के जिला प्रबंधक प्रभाकर कुमार, प्रोग्राम लीड दुर्गा प्रसाद, पी एस आई इंडिया से विनय कुमार तथा अरमान संस्था के क्षेत्रीय समन्वयक रवि कुमार उपस्थित रहे।

इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों से अनुश्रवण एवं मूल्यांकन सहायक, प्रसव कक्ष की स्टाफ नर्स तथा एक-एक एएनएम ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को RCH 2.0 (जननी) पोर्टल की विशेषताओं एवं उपयोगिता के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण में सभी गर्भवती महिलाओं के समयबद्ध पंजीकरण, प्रसव पूर्व जांच (ANC), ABHA पंजीकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण तथा पोर्टल पर सटीक डेटा प्रविष्टि के महत्व पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, प्रसव कक्ष में कार्यरत स्टाफ नर्सों को सेवा प्रावधानों के अतिरिक्त लेबर रूम रजिस्टर, केस शीट, रेफरल रजिस्टर, दवाओं की उपलब्धता एवं रिकॉर्ड संधारण से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तारपूर्वक प्रशिक्षित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्वास्थ्य संस्थानों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, डेटा प्रबंधन को सुदृढ़ करना तथा RCH 2.0 (जननी) पोर्टल के प्रभावी संचालन को सुनिश्चित करना है। उपस्थित अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों से प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का उपयोग करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं के बेहतर क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version