समाहरणालय, सीतामढ़ी

जिला जनसंपर्क कार्यालय

प्रेस विज्ञप्ति

दिनांक : 29 सितंबर 2026

 

जिलाधिकारी, सीतामढ़ी श्री तनय सुल्तानिया ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रीगा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुप्पी का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, आवश्यक संसाधनों तथा स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ओपीडी, इमरजेंसी, एक्स-रे कक्ष, दवा वितरण केंद्र सहित अस्पताल के विभिन्न हिस्सों का भ्रमण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से अस्पताल में उपलब्ध जांच एवं उपचार की सुविधाओं तथा उनके संचालन की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मरीजों को आवश्यक जांच एवं उपचार के लिए अनावश्यक रूप से इंतजार न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, जांच की सुविधा, उपचार की व्यवस्था तथा अस्पताल की अन्य सेवाओं के बारे में मरीजों से जानकारी प्राप्त की।
दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों से चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, दवा एवं जांच की उपलब्धता तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं को और अधिक व्यवस्थित एवं मरीज हितैषी बनाया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से इमरजेंसी सेवाओं को पूरी तत्परता के साथ संचालित करने, आवश्यक दवाओं एवं जांच सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने का भी निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण आधारभूत कड़ी हैं। स्थानीय स्तर पर ही लोगों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने दोनों प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार करते रहने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान डीपीआरओ कमल सिंह, दोनों स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version