समाहरणालय, सीतामढ़ी
जन संपर्क प्रशाखा
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक– 17 मार्च 2026
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में राजस्व कार्यों की समीक्षात्मक बैठक
जिलाधिकारी श्री रिची पांडे की अध्यक्षता में आज स्थानीय विमर्श कक्ष में राजस्व संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता (राजस्व), संजीव कुमार, सभी डीसीएलआर, अंचल अधिकारी, राजस्व पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि राजस्व संबंधी कार्यों का निष्पादन पूर्ण प्रतिबद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि दाखिल-खारिज (म्यूटेशन), परिमार्जन प्लस, भूमि अभिलेख संधारण, अपील वादों का निस्तारण, जमाबंदी सुधार, आधार सीडिंग, अभियान बसेरा–2, लंबित वादों की सुनवाई तथा न्यायालयों में लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
बैठक में सरकारी जमीन पर अवैध बंदोबस्ती अथवा जमाबंदी के मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों की विधिसम्मत जांच कर अवैध जमाबंदी को रद्द करने की दिशा में अग्रेतर कार्रवाई की जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व प्रशासन आम जनता से सीधे जुड़ा हुआ है, अतः सभी पदाधिकारी संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें। लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, अभिलेखों के अद्यतनकरण तथा जन शिकायतों के शीघ्र समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
