हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक बस हादसे से अफरातफरी मच गई। चुराह घाटी के दूरदराज इलाके बैरागढ़ से चंबा के लिए रवाना हुई शर्मा ट्रैवलर्स की बस रास्ते में अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे के बाद बस पलट गई और कई यात्री उसके नीचे दब गए।

चालुज मोड़ के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बस शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे बैरागढ़ से चंबा के लिए निकली थी। महज करीब तीन किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद चालुज मोड़ के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई। इसके बाद बस सड़क से फिसलते हुए करीब 100 फीट नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी।

हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस पलटने के कारण उसमें सवार कई लोग नीचे दब गए। बस के नीचे से घायलों की चीखें सुनाई दे रही थीं, लेकिन तत्काल उन्हें बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था।

मशीन का इंतजार किए बिना लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचने लगे। राहत और बचाव के लिए मशीन के पहुंचने का इंतजार करने के बजाय स्थानीय लोगों ने खुद मोर्चा संभाल लिया।

लोगों ने एकजुट होकर बस को थोड़ा ऊपर उठाया और उसके नीचे फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की इस तत्परता से घायलों को बस के नीचे से निकालने का रेस्क्यू अभियान शुरू हो सका।

हादसे की सूचना के बाद प्रशासन और राहत-बचाव दल भी मौके पर पहुंचे। फिलहाल दुर्घटना के कारणों और यात्रियों की स्थिति से जुड़ी विस्तृत जानकारी का इंतजार है।
#ChambaBusAccident #ChambaNews #HimachalPradesh #BusAccident #Churah #HimachalNews #RoadAccident #BreakingNews

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version