मधुबनी। एकल उपयोग वाले प्लास्टिक यानी पॉलीथिन से होने वाले प्रदूषण और पर्यावरणीय समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से नगर पंचायत घोघरडीहा की ओर से मंगलवार को जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत घोघरडीहा बाजार सहित विभिन्न व्यावसायिक क्षेत्रों में दुकानदारों और आम लोगों को प्लास्टिक के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई।
स्वच्छता पदाधिकारी नौशाद आलम के नेतृत्व में स्वच्छता साथियों ने बाजार क्षेत्र में दुकानदारों और स्थानीय लोगों से संपर्क कर एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की। इस दौरान लोगों को पॉलीथिन के कारण होने वाले प्रदूषण और पर्यावरण पर पड़ने वाले इसके दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया।
स्वच्छता पदाधिकारी नौशाद आलम ने कहा कि एकल उपयोग वाले प्लास्टिक का बढ़ता इस्तेमाल पर्यावरण और स्वच्छता के लिए गंभीर चुनौती है। प्लास्टिक प्रदूषण को कम करने के लिए लोगों की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से पॉलीथिन के विकल्प के तौर पर पर्यावरण अनुकूल सामग्री का इस्तेमाल करने की अपील की।
अभियान के दौरान स्वच्छता साथियों ने लोगों से दैनिक जीवन में एकल उपयोग वाले प्लास्टिक से बचने और स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
इस अभियान में स्वच्छता साथी ज्योति कुमारी, शकीला खातून, लालदेव राम, रासमोहन झा सहित अन्य लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अभियान के माध्यम से दुकानदारों और आम लोगों को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण के लिए प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने का संदेश दिया गया।
