कश्मीर घाटी में हुए आतंकी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। इसी के मद्देनजर विश्व प्रसिद्ध तीर्थस्थल माता वैष्णो देवी की यात्रा की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कटड़ा से लेकर माता वैष्णो देवी भवन तक सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

माता वैष्णो देवी के यात्रा मार्ग पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं।

सुरक्षा बलों की ओर से यात्रा मार्ग, भवन परिसर और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके साथ ही विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है।

कटड़ा रेलवे स्टेशन से बस स्टैंड तक बढ़ाई निगरानी

वहीं, आधार शिविर कटड़ा में भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। यात्रा पंजीकरण केंद्र, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा कर्मियों की ओर से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही आने-जाने वाले लोगों की जांच और निगरानी की जा रही है।

सुरक्षा एजेंसियों के लिए यात्रा की हिफाजत सबसे अहम

गौरतलब है कि माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए प्रतिदिन देश के विभिन्न राज्यों से हजारों श्रद्धालु कटड़ा पहुंचते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और यात्रा को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क हैं।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने के बीच प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को बिना किसी भय के सुरक्षित वातावरण में मां के दर्शन करने का अवसर मिले। वहीं, सुरक्षा एजेंसियों ने श्रद्धालुओं से जांच प्रक्रिया में सहयोग करने, धैर्य बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी सुरक्षा कर्मियों को देने की अपील की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version