जिले में अगले तीन दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बिगड़ने की आशंका है। 28 से 30 अक्टूबर तक तेज आंधी, वर्षा, मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर मौसम संबंधी चेतावनी जारी की गई है।
इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है, जिसकी गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
इसे देखते हुए जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने आमजनों से सतर्कता बरतने और जरूरी सावधानियां अपनाने की अपील की है।
जिलाधिकारी ने कहा कि खराब मौसम के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जान-माल के नुकसान का कारण बन सकती है। मेघ गर्जन और वज्रपात के समय खुले मैदान, खेत, ऊंचे एवं अकेले पेड़ और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचें।
कटी फसल को सुरक्षित रखने की करें व्यवस्था
जिलाधिकारी ने किसानों एवं खेतिहर मजदूरों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। कहा कि मौसम पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर कृषि कार्यों की योजना बनाएं।
खेतों में कटी हुई फसल को वर्षा और तेज हवा से बचाने के लिए सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करें। इससे संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है।
पशुपालकों को भी खराब मौसम के दौरान अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है।
गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही चेतावनी
मौसम संबंधी चेतावनी के मद्देनजर जिला प्रशासन ने संबंधित पदाधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
आपदा मित्र, जीविका दीदियों और अन्य सामुदायिक स्वयंसेवकों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि समय रहते बचाव के उपाय अपनाए जा सकें।
जिला प्रशासन ने आमजनों से आधिकारिक मौसम चेतावनियों का पालन करने, सतर्क रहने और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
