पहाड़ी ब्लॉक के ग्राम पंचायत बेलवन के कहुआ गांव स्थित एक तालाब में मंगलवार को 4 फीट लंबा मगरमच्छ दिखाई दिया। आबादी के बीचोंबीच अचानक मगरमच्छ के दिखने से पूरे इलाके में डर का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी।

स्थानीय निवासी शिवशंकर पटेल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला बेहद हैरान करने वाला है। गांव के पास स्थित इस तालाब से गंगा नदी और अन्य मुख्य नदियां लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर हैं। इसके अलावा आसपास कोई बड़ा जलस्रोत भी नहीं है। ऐसे में यह सवाल बना हुआ है कि यह मगरमच्छ इतनी दूर से और रिहायशी इलाके को पार करते हुए इस छोटे से तालाब तक आखिरकार कैसे पहुंचा।

मगरमच्छ के तालाब में होने की खबर फैलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सुरक्षा की दृष्टि से लोगों ने तालाब के पास जाने से परहेज किया और तुरंत इसकी सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी। ग्रामीण अब वन विभाग की टीम के आने और मगरमच्छ का सुरक्षित रेस्क्यू किए जाने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version